कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को अमेठी सांसद एवं बेटे राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर बाबा रामदेव पर तीखा पलटवार किया।
विज्ञापन
उन्होंने जोर देकर कहा कि इन लोगों को अश्लील और जलील शब्द बोलने में शर्म नहीं आती। बाबा रामदेव के अलावा उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए नरेंद्र मोदी पर हमला बोला।
कहा कि भाजपा सत्ता की भूखी है। ये झूठ के पुजारी हैं। इनके रग-रग में झूठ बसा है। भाजपा कुर्सी के लिए कुछ भी कर सकती है।
हालाकि सोनिया ने रामदेव और नरेंद्र मोदी का नाम लेने से परहेज किया।
भाजपा की रग-रग में झूठ
सोनिया ने कहा कि विपक्षी हमारे परिवार पर कई तरह के हमले कर रहे हैं। हर हमले का जवाब रायबरेली और देश की जनता ने उनको दिया है।
उन्होंने रायबरेली की जनता और अपने परिवार के रिश्ते का भी जिक्र किया। कहा कि पांच पीढिय़ों से बना रिश्ता आगे भी बना रहेगा।
यहां की जनता ने बहुत प्यार दिया है। जनता ने हमेशा ही कांग्रेस का समर्थन किया। शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा में पहुंची कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विरोधियों पर तीखे शब्दबाण छोड़े।
उमड़ी भीड़ से उत्साहित सोनिया ने कहा कि भाजपा सत्ता की भूखी है। ये झूठ के पुजारी हैं। इसके रग-रग में झूठ बसा है, जो भ्रष्टाचार में डूबे हैं, वहीं भ्रष्टाचार से लडऩे की नसीहत देते हैं।
झूठ से विकास नहीं होता
सोनिया ने कहा कि झूठ बोलने से विकास नहीं होता। देश बनाने के लिए दूरदृष्टि होनी चाहिए।
भाजपा नफरत, कट्टरता, जातिवाद, धर्म का भेदभाव सिखाती है, वहीं कांग्रेस समाज के गरीब, अमीर सबको एक धागे में पिरोकर शांति के साथ विकास पर जोर देती है।
पिछला चुनाव रायबरेली की जनता ने लड़ा था। इस बार भी आप लोग ही चुनाव लड़ रहे हैं। फैसला आपको करना है कि केंद्र की सत्ता में गरीब बैठेगा या फिर चंद चहेतों की चिंता व भेदभाव करने वाले। यह जनता को तय करना है।
उन्होंने कहा कि रायबरेली के लोगों को राजनैतिक दुर्भावनाका सामना करना पड़ रहा है। हम शुक्रगुजार हैं जनता के कि उसने हर परिस्थिति का सामना हिम्मत के साथ किया है।
विकास के लिए संघर्ष करती हूं
सोनिया ने कहा कि यहां का प्यार, आपका समर्थन मिला है। कभी दिल दुखता है। आपके लिए कुछ करना चाहती हूं। उसे पूरा करती हूं। विकास कार्यों के लिए बहुत संघर्ष किया।
यहां पर देश की शिक्षण संस्थाएं लाई गई हैं। रायबरेली को एजूकेशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
नए नेशनल हाईवे, लिंक रोड, नई रेलवे लाइन, दोहरीकरण, नई ट्रेनें शुरू कराई गई, जिससे लोगों का आना जाना हो रहा है।
एक लंबे संघर्ष के बाद मिंट पार्क बन रहा है। इससे किसानों और नौजवानों को फायदा मिलेगा। देश में पहला इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय खोलने के लिए यूपीए सरकार की मंजूरी के बाद जमीन का आवंटन का काम तेजी से कराया जा रहा है।
सोनिया ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस गरीबों, महिलाओं, मजदूर, युवा की तरक्की के लिए कोशिश कर रही है। महिलाओं पर बढ़े उत्पीडऩ रोकने के लिए ठोस कानून बनाए गए हैं।
बहादुर सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन की सुविधा दिलाई गई। गरीबों के लिए बहुत काम हो रहा है।
आज भी एक मां अपने बच्चों को भूखे पेट सुलाने की कोशिश करती है, उस मां के दिल में क्या गुजरती है। इसलिए खाद्य सुरक्षा कानून बनाया गया है।
इससे कम अनाज गरीब जनता को मिला है। जनता को स्वास्थ्य का अधिकार दिलाया जाएगा। कांग्रेस के घोषणापत्र में यह शामिल है। इस दौरान उन्होंने कई और योजनाओं का जिक्र किया।