लखनऊ। सैरपुर पुलिस ने एसएससी एमटीएस की परीक्षा देते समय एक सॉल्वर को पकड़ा है। सुभाष चंद्र बोस इंस्टीट्यूट प्रबंधनगर में वह दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक सैरपुर अख्तियार अहमद अंसारी के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी सोनू कुमार बिहार के औरंगाबाद देवकुंड स्थित ओरानी का रहने वाला है। वह राजस्थान के दौसा लालसोंठ खदेलाखुर्द निवासी राहुल सिंह चौहान की जगह परीक्षा दे रहा था। एसएससी (कर्मचारी चयन आयोग) द्वारा एमटीएस की ऑनलाइन परीक्षा सुभाष चंद्र बोस इंस्टीट्यूट प्रबंधनगर केंद्र पर आयोजित थी। परीक्षा के दौरान चेकिंग में संदेह होने पर सोनू कुमार से पूछताछ की गई। सही जवाब न देने पर पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, आरोपी के पास से आधारकार्ड व प्रवेश पत्र बरामद किया गया है जो आरोपी सोनू का नहीं था। पुलिस अब राहुल की तलाश कर रही है।
परीक्षा के लिए मिले थे 20 हजार
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, आरोपी सोनू कुमार ने कुबूल किया कि उसे 20 हजार रुपये मिले थे। उसने कुछ दिन पहले ही एसएससी की परीक्षा पास की थी। रुपये के लालच में परीक्षा देने के लिए बैठ गया था। शुरूआती दौर में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद पूरी सच्चाई उगल दी। पुलिस के मुताबिक, इलाके में पिछले तीन महीने में ऑनलाइन भर्ती परीक्षाओं में तीन सॉल्वर पकड़े गये हैं। सभी बिहार से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस अब इस गिरोह की डिटेल खंगाल रही है।