सुल्तानपुर में वर्दी में सपा एमएलसी के पैर छूना एसओ बल्दीराय को महंगा पड़ गया। एसपी ने इसे घोर अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है।
वहीं कार्यो में लापरवाही पर नगर कोतवाल को भी एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है।पिछले रविवार बल्दीराय के बीही निदूरा गांव में आग से पीड़ित लोगों से मिलने पहुंचे सपा एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह के एसओ बल्दीराय कुंवर बहादुर सिंह ने वर्दी में पैर छुए थे।
इस मामले की भाजपा काशी प्रांत के महामंत्री रामचंद्र मिश्र ने डीआईजी समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी ने मंगलवार की सुबह एसओ बल्दीराय को लाइन हाजिर कर दिया।
एसपी रोहन पी कनय ने बताया कि वर्दी में किसी का पैर छूना घोर अनुशासनहीनता है। वहीं दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने सोमवार रात कार्यो में लापरवाही और झूठ बोलने को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने नगर कोतवाल एसके मिश्रा को भी लाइन हाजिर कर दिया।