एटीएस ने जाली भारतीय मुद्रा के कारोबार पर नकेल कसने की कोशिश शुरू कर दी है। इससे जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए वह तीन दिन पहले आगरा में गिरफ्तार जाली नोट तस्करों तहसीन और वसीम को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के साथ उसमें दर्ज नंबरों की पड़ताल की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि उनके पास से जो 5.97 लाख के जाली नोट बरामद हुए थे, उन्हें दिल्ली व एनसीआर परिक्षेत्र में चलाने की तैयारी थी। आरोपियों ने अपने कुछ साथियों के नाम बताए हैं। यह भी बताया है कि मालदा के उनके संपर्कों को जाली नोट बांग्लादेश से मिलते हैं। जिनको नोट सप्लाई किए जाने थे, एटीएस उनके बारे में जानकारी हासिल करने में जुटी है। वह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्कर पहले कब कितने जाली नोट लेकर आए और किसे दिए। इस कारोबार में उनके साथ और कौन शामिल है।