धार्मिक नफरत फैलाने का बयान देने के मामले में मशहूर शायर मुनव्वर राना को अपना पक्ष रखने के लिए हजरतगंज पुलिस नोटिस भेजेगी। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि शायर ने जिस निजी न्यूज चैनल से साक्षात्कार में विवादित बयान दिया था, उसका पूरा वीडियो मंगाने के लिए वहां संपर्क किया गया है।
मुनव्वर राना ने फ्रांस की एक पत्रिका में प्रकाशित कार्टून व धर्म विशेष के लोगों की हत्या के संबंध में एक निजी चैनल को साक्षात्कार में कई विवादित बातें कही थीं। उनके साक्षात्कार के वीडियो के विवादित हिस्से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद हजरतगंज कोतवाली के दरोगा दीपक कुमार पांडेय ने रविवार को मुनव्वर राना पर एफआईआर दर्ज कराई थी। दरोगा ने मुनव्वर पर धर्म, जाति, भाषा के आधार पर नफरत फैलाने, भ्रामक तथ्यों का प्रसारण करने, झूठे बयान देने समेत अन्य आरोप लगाए थे।