शारजाह से तस्करी कर ब्रांडेड फेस क्रीम की शीशियों में 19.77 लाख रुपये का सोना छिपाकर ला रहा था। कस्टम के अधिकारियों ने अमौसी एयरपोर्ट पर तस्कर को सोने के बिस्कुटों के साथ पकड़ा। तस्कर की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी तबरेज आलम के रूप में हुई।
कस्टम ने दो बड़ी शीशियों में 583 ग्राम के सोने के पांच बिस्कुट बरामद किए। इंडिगो एयरलाइंस की शारजाह से अमौसी आने वाली फ्लाइट संख्या 6ई-1412 दोपहर साढ़े तीन बजे उड़ान भरती है। यह फ्लाइट रात करीब पौने नौ बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंची।
तबरेज आलम बैग की जांच करवा रहा था। डिप्टी कमिश्नर निहारिका लाखा की टीम को बैग में संदिग्ध सामान होने का आसान हुआ तो यात्री से पूछताछ की। इस पर तस्कर सकपका गया और बाहर की ओर निकलने लगा। इस पर अधिकारियों ने तबरेज को दबोच लिया।
यात्री का बैग खुलवाया गया तो तस्कर ने ब्रांडेड फेसक्रीम की शीशियों में सोने के बिस्कुट छिपा रखे थे। सोना छिपाने के बाद शीशियों में ऊपर से एल्यूमीनियम फॉइल लगा दी गई थी। ताकि शक न हो।