केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी का कहना है कि मोदी सरकार की योजनाओं, घोषणाओं और फैसलों का जमीन पर असर दिखने लगा है। हालांकि दो साल का वक्त पर्याप्त नहीं होता। इन कामों को पूरी तरह दिखाई देने में अभी कुछ वक्त और लगेगा।
स्मृति केंद्र सरकार के दो साल पूरे होने पर दूरदर्शन की तरफ से शनिवार को यहां बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग में चुनिंदा प्रोफेसरों के सवालों के जवाब दे रही थीं।
ईरानी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने मौजूदा सरकार को गड्ढों वाली सड़कें दी थीं। मोदी सरकार अभी उन्हीं सड़कों को भर रही है। अर्थशास्त्री अरविंद मोहन ने कहा कि यह सही है कि यूपीए-टू सरकार पालिसी के मामले में पूरी तरह पैरालाइज रही। निवेश भी नहीं हुआ।
मोदी सरकार ने एक दृष्टि दी है। कोयला, सड़क और अवस्थापना सुविधाओं में अच्छा काम हुआ है, लेकिन जनता की इच्छा रोजगार और विकास की है। वह इन्हें पूरा होते हुए देखना चाहती है।
स्मृति ने ये गिनाए मोदी सरकार के काम
- फोटो : amar ujala
काम के सवाल पर ईरानी ने मुद्रा बैंक, जन-धन, स्टार्टअप और स्टैंडप योजनाएं गिना डालीं। कहा कि पीएम के कहने से एक करोड़ लोगों ने एलपीजी की सब्सिडी छोड़ दी। इससे गरीब घरों की महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन मुहैया कराए गए हैं।
कांग्रेस के कारण जीएसटी में अड़ंगा
केंद्र द्वारा अब तक जीएसटी न लागू करने के सवाल पर ईरानी ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की, पर अभी तक हल नहीं निकल पाया है। कांग्रेस की भी अड़ंगेबाजी है। केंद्र सरकार राज्यों को पूरा सहयोग करना चाहती है।
सूखा पर प्रधानमंत्री ने राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ बैठक की, पर किसी न किसी राज्य की तरफ से अक्सर किसी बात को मुद्दा बनाकर केंद्र को सहयोग नहीं दिया जाता।
ज्यादातर केंद्रीय विश्वविद्यालयों पर ही क्यों खर्च करता है केंद्र
सवाल हुआ कि देश के 90 प्रतिशत छात्र-छात्राएं राज्य विश्वविद्यालयों और उनसे संबंधित संस्थाओं में पढ़ते हैं, पर केंद्र सिर्फ केंद्रीय विश्वविद्यालयों पर ही अपने खजाने से खर्च करता है? ईरानी ने जवाब दिया कि राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत राज्य विश्वविद्यालयों व कॉलेजों का विकास किया जा रहा है।
दिल्ली में भाजपा सरकार न बनने पर ये बोलीं स्मृति ईरानी
स्मृति से सवाल हुआ कि मोदी सरकार अगर इतना ही अच्छा काम कर रही थी तो दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार कैसे बन गई?
ईरानी बोलीं, इसका जवाब राजनीति शास्त्री ही दे सकते हैं। फिर उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद राजनीति शास्त्री प्रो. मनुका खन्ना की तरफ इशारा कर दिया।
खन्ना ने जवाब दिया कि दो साल में सात राज्यों में चुनाव हुए हैं, जिनमें पांच में भाजपा जीती है। यह दिखाता है कि भाजपा सरकार के प्रति जनता का भरोसा बढ़ रहा है।
पाकिस्तान से रिश्तों पर
इस सवाल पर कि मोदी ने नेपाल और श्रीलंका से तो रिश्ते सुधार लिए लेकिन पाकिस्तान से रिश्ते उल्टे और खराब हो गए। ईरानी ने कहा, पड़ोसी को नहीं बदला जा सकता। वह जैसा है, वैसे ही उससे संबंध सुधारने होंगे।