केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी
- फोटो : amar ujala
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी से जब उन्हें भाजपा की तरफ से यूपी के मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनाए जाने पर सवाल किया गया तो उन्होंने इंकार तो नहीं किया पर इतना जरूर कहा कि मैं पार्टी में सिर्फ कार्यकर्ता हूं।
वहीं, उन्होंने गुरुवार को गांधी परिवार व राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि अमेठी के विकास के लिए गांधी परिवार ने कुछ नहीं किया। झूठे वादों से जनता को गुमराह किया और इसी का नतीजा है कि अमेठी में राहुल का ग्लैमर घटा है। कहा कि कांग्रेस में ही गांधी परिवार के प्रति असंतोष व्याप्त है।
अमेठी संसदीय क्षेत्र के सलोन कस्बा स्थित बस स्टेशन पर आम सभा में स्मृति ईरानी गांधी परिवार पर हमलावर रहीं। उन्होंने कहा कि अमेठी गांधी परिवार का गढ़ कहा जाता है, लेकिन उसने यहां की खुशहाली के लिए कुछ करने की जगह झूठे वादों से वोट लेने का काम किया गया। पर अब ऐसा नहीं चलेगा।
अमेठी में राहुल गांधी की जीत 80 फीसदी कम हो गई है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इस धरती पर कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां आने के वक्त वह स्मृति ईरानी थीं, लेकिन आप लोगों के प्यार ने दीदी बना दिया है।
'अमेठी के विकास के लिए कदम पीछे नहीं हटेंगे'
उन्होंने दोहराया कि अमेठी के विकास के लिए उनके कदम कभी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के दावेदार की बात को सिरे से खारिज कर दिया और सिर्फ इतना कहा कि मैं सिर्फ कार्यकर्ता हूं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का दो साल का कार्यकाल अच्छा रहा। इसके लिए रायबरेली और अमेठी को बधाई देती हूं। अमेठी जब आई थीं तो यहां पर विधवा महिलाओं की समस्याओं की शिकायत मिली थी।
विधवाओं को पेंशन और आर्थिक मदद दिलाने के लिए जल्द अमेठी जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में शिविर लगाकर पंजीकरण करके उन्हें पेंशन व आर्थिक दिलाई जाएगी। साथ ही गर्मी को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए गांवों में हैंडपंप लगाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने यात्री प्रतिक्षालय का उद्घाटन किया।
कहा कि इससे लोगों को फायदा मिलेगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री दल बहादुर कोरी, अजय त्रिपाठी, पुष्पेंद्र सिंह, भूपेंद्र श्रीवास्तव, अंजनी साहू, राजेंद्र चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
अमेठी के पांच हजार युवा बनेंगे आत्मनिर्भर
मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बृहस्पतिवार को टीकरमाफी में संचालित ट्रिपल आईटी कैंपस में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की शाखा के संचालन की घोषणा की।
एक जून से यहां प्रवेश शुरू होंगे, जबकि एक अगस्त से कक्षाएं चलेंगी। स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत ट्रिपल आईटी परिसर में प्रदर्शनी का उद्घाटन कर चयनित दो हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक दृष्टि से स्वावलंबी बनाने का ऐलान भी किया।
स्मृति ने कहा कि इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद क्षेत्र में उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा नहीं थी। इसके चलते कई मेधावी विशेष कर छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती थीं। कहा कि अब टीकरमाफी में बीए, बीकॉम, एलएलबी, एलएलएम के साथ ही वोकेशनल कक्षाओं का संचालन एक अगस्त से शुरू हो जाएगा। इसके लिए एक जून से प्रवेश भी शुरू हो जाएंगे।
इस बार प्रवेश परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर एडमिशन होगा। हर वर्ग में 60 सीट होंगी। स्मृति ने कहा कि अगले दो वर्षों में अमेठी के पांच हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाया जाएगा।