अमेठी स्थित नवोदय विद्यालय में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय आशा सम्मेलन में पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 39 आशा बहू तथा तीन आशा संगिनी को चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
स्मृति ने आशा बहुओं को सांसद निधि में उनकी भी हिस्सेदारी जोड़ते हुए गांव में विकास कार्यों के लिए आवेदन मांगा। साथ ही सीएमओ को स्वास्थ्य विभाग में संचालित कार्यक्रमों की प्रदेश स्तर पर होने वाली रैंकिंग में पहला स्थान लाने का निर्देश देते हुए सहयोग की बात कही।
आशा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ब्लॉक स्तर पर संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन तथा स्वच्छता कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 39 आशा बहू तो जनपद स्तर पर तीन आशा संगिनी को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार राशि का चेक देकर सम्मानित किया।
उन्होंने आशा को यशोदा मैया का दर्जा देते हुए जीवनदायिनी कहा। कहा कि सांसद निधि में आशा का भी हक है। आशा अपने गांव व कार्यक्षेत्र में जरूरी विकास कार्य कराने के लिए सीएमओ के जरिये आवेदन कराएं। पत्र मिलने के 24 घंटे के भीतर कवायद शुरू हो जाएगी।
स्मृति ने सीएमओ को केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रदेश स्तर पर होने वाली रैंकिंग पांचवें स्थान से बढ़ाकर पहले स्थान पर लाने का निर्देश दिया। इस मौके पर विधायक तिलोई मयंकेश्वर शरण सिंह, अमेठी विधायक गरिमा सिंह, डीएम प्रशांत शर्मा, सीडीओ प्रभुनाथ, सीएमओ आरएम श्रीवास्तव, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी दयाराम सरोज, एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद समेत सभी जिम्मेदार मौजूद रहे।