बेटिकट यात्री ढोकर खुद की जेब भरने वाले कंडक्टरों का गोरखधंधा बंद करने के लिए राज्य सड़क परिवहन निगम अब मेट्रो में टोकन की तर्ज पर किराया सिस्टम लागू करने जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत यात्री रेडियो फ्रीक्वेंसी चार्ज युक्त स्मार्ट कार्ड कॉइन से बस में सफर कर सकेंगे।
यानी यात्रियों को किराये की रकम के बराबर स्मार्ट कार्ड कॉइन लेने पड़ेंगे। लोग सफर करने से पहले ये कॉइन सेल काउंटर से उनका मूल्य चुकाकर खरीदेंगे।
ये काउंटर बस अड्डे से लेकर एसबीआई के दफ्तर तक खुलेंगे। सबसे पहले लखनऊ-कानपुर रूट पर चलने वाली बसों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
17 जुलाई को आएगी एसबीआई की टीम
टेढ़ी कोठी स्थित परिवहन निगम मुख्यालय में 17 जुलाई को मुंबई से आई एसबीआई की टीम ने यात्रियों को कैशलेस सफर कराने की योजना का प्रस्तुतीकरण दिया।
टीम ने राजस्व चोरी रोकने के लिए बस में स्मार्ट कार्ड कॉइन से सफर कराने की योजना पेश की। निगम अफसरों को यह योजना खूब भाई और उसे लागू करने का फैसला हो गया।
मुख्य प्रधान प्रबंधक (संचालन) एचएस गाबा के मुताबिक यह स्मार्ट कार्ड कॉइन सिक्के की शक्ल और कई रंगों के होंगे।
यात्री जब किराये के रूप में कंडक्टरों को स्मार्ट कार्ड कॉइन देंगे तो वे इलेक्ट्रानिक्स टिकटिंग मशीन से टच कराकर रख लेंगे। इस किराये की इंट्री मशीन में हो जाएगी।
चार तरह के होंगे कॉइन
इस योजना को ट्रायल के रूप में लखनऊ और कानपुर के बीच चलने वाली बसों में शीघ्र ही लागू किया जाएगा।
लखनऊ व कानपुर के बीच 25 जगहों पर स्मार्ट कार्ड कॉइन बेचने के काउंटर खोले जाएंगे, जिसमें आलमबाग बस अड्डा भी शामिल है। यह सेल काउंटर एसबीआई की फ्रेंचाइजी के होंगे। यात्री सफर करने से पहले इन काउंटरों से कॉइन खरीद सकेंगे।
स्मार्ट कार्ड कॉइन चार तरह के होंगे। यानी इनका मूल्य 10, 25, 50 एवं 100 रुपये के बराबर होगा।
यात्री सेल काउंटर से स्मार्ट कार्ड कॉइन पर अंकित मूल्य चुकाकर इसे खरीद सकेगा। यदि किसी यात्री को 85 रुपये का किराया चुकाना है तो वह 50, 25 एवं 10 के स्मार्ट कार्ड कॉइन लेगा।
एसबीआई करेगी चेंज
बाद में यात्रियों द्वारा दिए जाने वाले स्मार्ट कार्ड कॉइन एकत्र किए जाएंगे। एसबीआई इसे चेंज करके कैश मुहैया कराएगी।
यात्री कंडक्टरों को किराये के एवज में जो स्मार्ट कार्ड कॉइन देंगे वे डिपो में एकत्र होंगे।
इसके बाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के द्वारा नामित अधिकारी एवं कर्मचारी स्मार्ट कार्ड कॉइन को कैश में चेंज कराकर निगम के खाते में रकम जमा कराएंगे।