बाल विवाह के खात्मे के लिए मुहिम चलाने वाली व अमर उजाला फाउंडेशन, यूनिसेफ, फ्रेंड फिया फाउंडेशन और जेएमसी द्वारा सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार के लिए चयनित स्मार्ट बेटियों के गांव में उनके नाम से सड़क बनेगी। ये घोषणा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘स्मार्ट बेटियां सम्मान समारोह’ में इंटरनेट साथी व बेटियों को सम्मानित करते हुए कहीं।
वहीं, महिला बाल विकास मंत्री रीता जोशी ने बेटियों को उनके गांव में सम्मानित करने की भी बात कहीं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती व बलरामपुर जिलों के गांवों में रहने वाली स्मार्ट बेटियों की बनाई वीडियो कथाओं में से चयनित वीडियो वाली स्मार्ट बेटियों को सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘अमर उजाला’ समय-समय पर प्रतिभा सम्मान समारोह, रक्तदान शिविर जैसे महत्वपूर्ण आयोजन करता है। ये सराहनीय पहल है। पूर्व में ‘अमर उजाला’ के ही कार्यक्रम में प्रदेश के मेधावियों के गांव को जोड़ने वाली सड़क बनाने की घोषणा की थी, जिसे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम गौरव पथ नाम दिया है।
आज जिन बेटियों को यहां पुरस्कृत किया जाएगा, उन बेटियों के नाम से उनके गांव में सड़क बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यहां स्मार्ट बेटियों द्वारा बनाए गए वीडियो में दिख रहा है कि गांव में अभी भी कुरीतियों को लेकर काफी भ्रांतियां हैं।
पीएम मोदी ने बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया, जिसके बाद काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग के बिना कोई भी काम संभव नहीं है। समाज और सरकार एक रथ के दो पहलू हैं।
सरकारी योजनाएं तो बहुत चल रही हैं, लेकिन जानकारी की कमी है। बेटियों ने एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर जागरूकता फैलाने का काम किया है। बेटियों के लिए हर क्षेत्र में काफी अवसर और बेहतर भविष्य है। जरूरत है उन्हें रास्ता बनाने की।
महिला बाल विकास मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि पिछले चार दशक में बेटियों की सोच बदली है। पांच साल में केंद्र व प्रदेश सरकार ने महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में पहले लिंगानुपात 1000-850 था, जो अब 1000-940 हो गया है। इसमें गुणात्मक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों सरकार ने भी महिला सशक्तीकरण को लेकर एक अभियान चलाया था।
इसमें 10 हजार महिलाओं को ट्रेंड किया। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूहों आदि का 11-11 का ग्रुप बनाया गया। इससे 1 करोड़ 39 लाख महिलाओं को महिला मुद्दे पर जागरूक किया गया। आज उन्हें सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के फीडबैक नहीं आते हैं। इस अभियान से काफी फीडबैक मिले हैं, उन्हें भी प्रभावी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अन्य महिलाओं को सशक्त बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रही स्मार्ट बेटियों के गांव जाकर जनप्रतिनिधि या अधिकारी उनका सम्मान करेंगे।
आज सिर्फ ये बेटियां नहीं बल्कि पूरा परिवार स्मार्ट हुआ है। ये परंपरा के साथ तकनीकी का प्रयोग करके भारत को आगे बढ़ाएंगी। इस अवसर पर यूनीसेफ की चीफ फील्ड ऑफीसर यूपी रूथ लियानो, गीताली त्रिवेदी, अमित मेहरोत्रा, गूगल फ्रेंड की नेहा बड़जात्या, मृदुल, बाल आयोग के चेयरमैन डॉ. विशेष गुप्ता, बलरामपुर के विधायक पलटू राम, मझवा मिर्जापुर की विधायक शुचि स्मिता मौर्या, बौद्ध गुरु भंते उपस्थित थे।