लखनऊ। पीजीआई इलाके में 19 दिन से लापता माली का कंकाल शुक्रवार सुबह घर से 500 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि कंकाल का डीएनए करने के बाद ही तय हो सकेगा कि शव माली का है या किसी और का।
पीजीआई इलाके के सुकुरपुर गांव निवासी अंकुर (18) माली थे। उनके भाई विशाल ने बताया कि 22 सितंबर की शाम पांच बजे अंकुर घर से निकला था। रात आठ बजे मां ने फोन किया तो उसने बताया कि वह निलमथा में है और कुछ देर में आ रहा है। इसके बाद लापता हो गया। उसका मोबाइल भी बंद हो गया। 25 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई।
विशाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह घर से 500 मीटर दूर सेक्टर-6 के पीछे झाड़ियों में लोगों ने कुत्तों को हड्डी लेकर जाते देखा। पास जाकर देखा तो कंकाल पड़ा था। परिजन मौके पर पहुंचे तो पैंट, शर्ट, बेल्ट व चप्पल कंकाल के पास पड़ी मिली। इससे ही परिजनों ने बताया कि कंकाल अंकुर का है। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी का कहना है कि कंकाल अंकुर का है, इसकी पुष्टि डीएनए टेस्ट से हो सकेगी। कंकाल को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवक पर लगाया आरोप
अंकुर के परिवार में मां राजकुमार, तीन भाई विशाल, अनुज व विकास हैं। विशाल का कहना है कि 22 सितंबर को लोगों ने अंकुर को एक युवक के साथ देखा था। उन्होंने उसी युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। युवक कौन है, इस बारे में परिजनों को भी नहीं पता। विशाल ने बताया कि अंकुर का मोबाइल फोन भी नहीं मिल रहा है। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है।