लखनऊ में रविवार को कोरोना से पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के मंडल वित्त प्रबंधक कार्यालय में तैनात सेक्शन अफसर विपिन तिवारी (55), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी (84), सहित छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि 392 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रेलवे अफसर का केजीएमयू में इलाज चल रहा था।
वहीं लोकबंधु अस्पताल में भर्ती उन्नाव के युवक की भी कोरोना से रविवार देर शाम मौत हो गई। वहीं राजधानी में जहां मृतकों की संख्या 53 पहुंच गई है वहीं कुल मरीजों का आंकड़ा भी 4009 हो गया है। रविवार को अब तक के सर्वाधिक 392 मरीज मिले।
पॉजिटिव आने वाले मरीजों में विशेष सचिव पंचायतीराज डॉ. रमाशंकर मौर्य, आईएएस, नगर निगम के वरिष्ठ लिपिक और नगर निगम महापालिका संघ के अध्यक्ष, परिवहन निगम के अवध बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भी शामिल हैं। केजीएमयू के कोरोना वार्ड में भर्ती हुसैनगंज निवासी (55) महिला की रविवार को मौत हो गई।
लोहिया संस्थान में मुंशीपुलिया निवासी 64 साल के मरीज की मौत हो गई। वहीं माल के पीरनगर गांव निवासी एरा हॉस्पिटल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव महिला की भी रविवार को मौत हो गई। इसके अलावा शहर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत पुरुष नर्स की तेज बुखार के बाद शनिवार देर रात मौत हो गई।