लखनऊ। वर्ष 2026 की गर्मी में छह नए उपकेंद्र 60 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाएंगे। इससे मोहनलालगंज के सिसेंडी, सरोजनीनगर, मोहान रोड, एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड, गोमतीनगर में रहने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
विभाग काकोरी मोड़ स्थित एफसीआई परिसर, सिसेंडी, सरोजनीनगर स्थित विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (ईटीआई) परिसर, विनम्रखंड, विशेषखंड व लोकबंधु अस्पताल के पास नए उपकेंद्र बनाएगा। पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने इसका बजट स्वीकृत कर दिया है। उपकेंद्र बनाने पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता रजत जुनेजा ने बताया कि इन छह उपकेंद्रों में से चार उनके क्षेत्र में शामिल हैं। इनमें सिसेंडी, एफसीआई परिसर, ईटीआई परिसर और लोकबंधु अस्पताल के पास बनने वाला उपकेंद्र शामिल है।
गोमतीनगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि विनम्रखंड व विशेषखंड में नए बिजली उपकेंद्र बनने से मंत्री आवास, विराजखंड, विभूतिखंड के उपभोक्ताओं को बहुत राहत मिलेगी। दोनों उपकेंद्रों के लिए एलडीए ने निशुल्क जमीन का आवंटन किया है।
रजत जुनेजा व सुशील गर्ग ने बताया कि उपकेंद्र बनाने की मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण के लिए टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीद है कि एक उपकेंद्र पांच से सात महीने में बनकर चालू हो जाएगा।
किस उपकेंद्र से कहां मिलेगी निर्बाध बिजली
सिसेंडी : अमिलिहाखेड़ा, केसरीखेड़ा, हरीखेड़ा, सुभद्राखेड़ा सहित 25 गांव।
एफसीआई परिसर : काकोरी मोड़, मोहान रोड, पिंकसिटी, आगरा एक्सप्रेसवे के पास।
लोकबंधु अस्पताल के पास : सेक्टर बी एवं सेक्टर ई एलडीए कॉलोनी, हिंदनगर।
ईटीआई परिसर : सरोजनीनगर, नटकुर, कानपुर रोड।
विशषखंड : मंत्री आवास, विभूतिखंड।
विनम्रखंड : विराजखंड व मंत्री आवास।