रायबरेली के फतेहपुर रोड स्थित पूरे मगरहन गांव के निकट शनिवार देर रात दो कारों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों कारों में सवार छह लोगों सहित कुल नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया जिनमें से छह की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में एक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
देर रात फतेहपुर की ओर जा रही एक कार सामने से शादी समारोह में शामिल होने आ रही एक अन्य कार से भिड़ गई। हादसे में सरौली, डेरापुर कानपुर देहात निवासी सुनील, ज्ञानेंद्र, हेमंत, आयुष व अजय घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्विफ्ट कार का ड्राइवर भागने लगा जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह घटनास्थल के नजदीक के एक ढाबे पर अलाव ताप रहे तीन लोगों को कुचलते हुए पानी के टैंक से जा टकराई।
इससे हादसे में कार का ड्राइवर जितेंद्र निवासी मिशिरखेड़ा सहित बेनीमाधवगंज निवासी सर्वेश, पूरेदिरगज मजरे लालूमऊ निवासी रामखेलावन व पूरे नोखेलाल मजरे दरियापुर गांव निवासी सरवन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। जहां छः लोगों की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया जिनमें रामखेलावन की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जरूरी लिखा पढ़ी के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है।