गोंडा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुजेहना क्षेत्र के कई गांवों किसी न किसी कारण से लगातार मौतें होना जारी है। ग्राम पंचायत रैगांव में पिछले एक सप्ताह में हुई आधा दर्जन मौतों से लोग दहशत में है।
इस गांव में जिनकी भी मौतें हुई हैं वो अधिकांश लोग अचानक बीमार हुए और जब तक इनके परिजन कुछ समझ पाते तब तक इन लोगों ने दम तोड़ दिया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इन मौतों से अभी भी बेखबर है।
बीते शुक्रवार को रैगांव में शहाबुद्दीन को बुखार व गले में एकाएक परेशानी हुई और उनकी मौत हो गई। ऐनुल्लाह (52 वर्ष) को बुखार और सांस की परेशानी हुई और मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
कुन्दन सिंह (53 वर्ष) की इसी बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। शुक्रवार को धर्मराज (उम्र लगभग 40 वर्ष) तथा कृष्णा देवी पत्नी कृपाराम (उम्र लगभग 39 वर्ष) काल कवलित हो गए।
रामचरण की पत्नी की एकाएक तबीयत खराब हुई और शनिवार को उनकी भी मौत हो गई। इसी गांव की सुशीला देवी (उम्र लगभग 55 वर्ष) पत्नी बच्चाराम को बुखार और सांस लेने की परेशानी से हालत गंभीर बनी हुई है।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक मिश्र से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सतर्कता के तौर पर टीम को रैगांव भेजा जा रहा है। ग्राम प्रधान रैगांव ने मौतों की पुष्टि की है।