लखनऊ। ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में आने वाले अति गंभीर मरीजों के इलाज के पुख्ता इंतजाम होंगे। अभी तक अस्पताल में आईसीयू की सुविधा न होने से अति गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जाता था, मगर अब जनवरी से अस्पताल में ही आईसीयू शुरू हो जाएगी। सीएमएस का कहना है कि आईसीयू के लिए मॉनीटर की खरीद होनी बाकी है।
ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय 200 बेड की क्षमता का अस्पताल है। इमरजेंसी में हर दिन करीब 30-40 मरीज भर्ती होते हैं। इनमें दो से तीन मरीज अति गंभीर मरीज होते हैं। अस्पताल में अभी तक आईसीयू न होने पर अति गंभीर मरीजाें को बलरामपुर अस्पताल या केजीएमयू रेफर किया जाता है। वहां लोड अधिक होने से मरीज आईसीयू के लिए भटकते रहते हैं।
इस समस्या को देखते हुए अस्पताल में ही छह बेड की आईसीयू शुरू की जाएगी। इसमें दो बेड वेंटिलेटर के होंगे। महानिदेशालय से आईसीयू के उपकरण खरीद के लिए आठ लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह का कहना है कि जनवरी के अंत तक छह बेड की आईसीयू शुरू हो जाएगी। इसके उपकरण की खरीद की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।