नगराम। कुबहरा गांव में फंदा लगाकर जान देने वाले 18 वर्षीय राम सनेही की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया। युवक की हत्या का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे परिजनों के दबाव में नगराम पुलिस ने गांव के रामसुमेर व सर्वेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया जा सका।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर मृतक की तीनों बहनों ऊषा, निशा, सन्नौ और ग्रामीणों ने गांव के ही दो युवकों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर धरना-प्रदर्शन किया, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया। पुलिस अधिकारियों के काफी देर तक समझाने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी देने के बाद भी परिजन शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। रविवार को नायब तहसीलदार अजवेंद्र कुबहरा गांव पहुंचे। काफी देर चली वार्ता के बाद मृतक की मां को आर्थिक सहायता व दिव्यांग पेंशन व अन्य लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। परिजन फिर भी हत्या की एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। रविवार शाम को नगराम पुलिस ने रामसुमेर व सर्वेश पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद मामला शांत हो सका। थानाध्यक्ष नगराम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फंदा लगाना आया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।