उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने सूत्रों के हवाले से आजकल मीडिया में चलाई जा रही राजनीतिक खबरों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि आजकल सूत्रों के हवाले से कुछ भी लिखने और बोलने का चलन हो गया है। दुःख ही बात तो यह है कि ऐसी खबरों से न सिर्फ जनता भ्रमित होती है बल्कि मीडिया की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ता है।
विज्ञापन
सिंह के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की पेशकश और उत्तर प्रदेश राज्य के विभाजन की खबरें सही नहीं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने को लेकर तमाम अपुष्ट खबरें सूत्रों के हवाले से लिखी गई। किसी ने लिखा कि यूपी का विभाजन किया जाएगा, तो किसी ने लिखा कि योगी ने इस्तीफा देने की पेशकश की थी। ऐसी खबरें लिखते समय किसी ने भी गृह मंत्री से या पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुख्यमंत्री की मुलाकात को लेकर या संघ के किसी पदाधिकारी से बात नहीं की। किसी आधिकारिक ब्यान के बिना इस तरह की खबरें भ्रम पैदा करती हैं।