इमार गोमती ग्रीन में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी लखनऊ के इमार गोमती ग्रीन में सनातन धर्म मंच के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सोसायटी के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस दौरान भजनों की मधुर धुन शुरू होते ही पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। भक्ति गीतों पर पुरुष, महिलाएं और बच्चे झूमते और नृत्य करते नजर आए। वहीं, श्रीकृष्ण और राधा रानी की वेशभूषा में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसा प्रतीत हुआ मानो श्रीकृष्ण जन्मोत्सव स्वयं सोसायटी परिसर में साकार हो उठा हो।
श्री कृष्ण के साक्षात बाल स्वरूप में उपस्थित सोसायटी के बच्चे ने पूजा की।
- फोटो : अमर उजाला
आयोजकों ने बताया कि जन्मोत्सव का आयोजन सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की मंगलकामना के उद्देश्य से किया गया। आयोजन धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर सामूहिक श्रद्धा, सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाला बन गया।
कार्यक्रम में सोसायटीवासियों की उत्साहपूर्ण और गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। सनातन धर्म मंच की ओर से आयोजन में सहभागी सभी निवासियों का आभार जताया गया। कहा कि सामूहिक सहभागिता ही ऐसे आयोजनों की वास्तविक शक्ति है।
इमार गोमती ग्रीन में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
- फोटो : अमर उजाला
मंच के सदस्यों ने लोगों से आह्वान किया कि प्रेम, श्रद्धा, सहयोग और एकजुटता के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाया जाए और सनातन मूल्यों की प्रतिष्ठा के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखे जाएं।