रायबरेली। नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत बृहस्पतिवार को जिला महिला अस्पताल में एक साल से कम उम्र के सेहतमंद बच्चों को पुरस्कृत करने के लिए बेबी हेल्दी शो का आयोजन हुआ। शो में श्रेया, शालिनी और कोमल के बच्चे सबसे अधिक स्वस्थ मिले। तीनों माताओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार मिला। माताओं ने केक काटकर एक दूसरे को खिलाया।
हर साल की तरह जिला महिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को बेबी हेल्दी शो का आयोजन हुआ। सुबह से 10 से 12 बजे तक टीकाकरण कक्ष में पंजीयन हुआ, जिसमें पांच माताओं ने पंजीयन कराया। 12 बजे से बेबी हेल्दी शो शुरू हुआ। शो में श्रेया का बच्चा सबसे स्वस्थ रहा।
उन्हें प्रथम पुरस्कार मिला। शालिनी को दूसरा और कोमल को तीसरा स्थान मिला। बच्चों को हाथ में लेकर माताओं ने केक भी काटा। सीएमएस डॉ. निर्मला साहू ने पुरस्कार दिया। इस मौके पर हॉस्पिटल प्रबंधक मृणालिनी, चीफ फार्मासिस्ट रवि कुमार सिंह, अमर प्रकाश गुप्ता, सहायक नर्सिंग अधीक्षक शशिबाला सिंह, तारावती, अंजू, गीता, अमिता सिंह आदि मौजूद रहीं।