फैजाबाद जंक्शन पहुंची श्री रामायण एक्सप्रेस।
- फोटो : amar ujala
दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से भगवान राम और सीता का आशीर्वाद लेकर रवाना की गई श्री रामायण एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को फैजाबाद जंक्शन पांच घंटे लेट पहुंचीं। जहां पहले से मौजूद साधू-संतों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का जय श्री राम के उद्घोष व पुष्पवर्षा करते हुए स्वागत किया। श्री रामायण एक्सप्रेस को सुबह 4.50 पर अयोध्या जंक्शन पहुंचना था लेकिन यह 10 बजे पहुंची।
आपको बता दें कि श्री रामायण एक्सप्रेस आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एवं टूरिज्म कार्पोरेशन) की तरफ से चलाई जा रही है जो कि 16 दिनों के टूर पैकेज पर है। जो भगवान राम से जुड़े स्थलों के दर्शन करवाएगी। यह अपने पहले पड़ाव के लिए फैजाबाद जंक्शन पहुंच चुकी है और आगे की यात्रा के लिए कल शाम प्रस्थान करेगी।
ट्रेन से अयोध्या पहुंचे सभी पर्यटक काफी खुश नजर आए और कहा कि हम सभी चाहते हैं कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बने। ट्रेन में 800 यात्रियों के सफर करने की सुविधा है। जो दिल्ली से अयोध्या, चित्रकूट, जनकपुरी, रामेश्वर सहित भगवान राम से जुड़े पौराणिक स्थलों के दर्शन कराएगी।
ट्रेन में मौजूद पर्यटक यात्रा के इंतजाम देखकर आश्चर्यचकित थे। सफदरजंग स्टेशन से ट्रेन को रवाना करने के लिए कार्यक्रम के खास इंतजाम किए गए थे। इस दौरान राम, सीता व हनुमान के वेश में दिखने वाले कलाकार स्टेशन पर मौजूद थे। उनका आशीर्वाद लेकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यात्रियों के उत्साह को देखते हुए कहा जा रहा है कि राम से जुड़े स्थलों के दर्शन करवाने वाली ये ट्रेन रेलवे के लिए कमाई का नया जरिया बन सकती है। आगे इसी तरह देश के अलग-अलग हिस्सों में तीन और ट्रेनों की शुरुआत करने की योजना है।