अयोध्या। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में बृहस्पतिवार को हुई। मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में प्रगति तेज करने, फार्मर रजिस्ट्री में अधिक किसानों का पंजीकरण कराने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के निरस्त आवेदनों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा ।
उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने फैमिली आईडी में सभी जनपदों को ''ए'' श्रेणी में लाने और अवशेष परिवारों को शीघ्र शामिल करने को कहा। जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की प्रगति पर संतोष जताते हुए खराब हैंडपंपों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
सुल्तानपुर में पर्यटन कार्यों की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए तेजी लाने और स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए। युवा कल्याण विभाग के ग्रामीण स्टेडियम, ओपन जिम एवं अयोध्या में मल्टीपरपज हॉल के निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सेतु निर्माण कार्यों को बरसात से पूर्व पूरा करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत सहायकों की भर्ती और मनरेगा के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, अंबेडकर नगर और बाराबंकी के जिलाधिकारी सहित मंडल के मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित रहे।