लखनऊ। अप्लाइड मैथमेटिक्स और अंग्रेजी के शिक्षकों की कमी से पॉलीटेक्निक सेमेस्टर परीक्षा की कॉपियों का ऑनलाइन मूल्यांकन तय समय पर पूरा नहीं हो सका। ऐसे में प्राविधिक शिक्षा परिषद ने अब 15 फरवरी तक समय बढ़ा दी है।
20 जनवरी से 10 फरवरी तक पॉलीटेक्निक सेमेस्टर परीक्षा की कॉपियों का डिजिटल मूल्यांकन होना था। प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर 10 से 12 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। ज्यादातर शिक्षक अलग-अलग कोर्स के हैं, लेकिन अप्लाइड मैथमेटिक्स और अंग्रेजी विषय के शिक्षक न होने से मूल्यांकन पूरा नहीं हो सका।
पॉलीटेक्निक के एक प्रधानाचार्य ने बताया कि तीन साल के कोर्स में पहला साल कोर्स से संबंधित विषय के साथ गणित और अंग्रेजी भी पढ़ाई जाती है। पढ़ाई के दौरान शिक्षक तो होते हैं, लेकिन मूल्यांकन में इनकी कमी रहती है। इसकी वजह निजी पॉलीटेक्निक से जुड़े शिक्षकों की सहभागिता न होना है।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव अजीत कुमार ने बताया कि 10 फरवरी तक मूल्यांकन की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन कुछ केंद्रों पर अभी कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसे जारी रखने के लिए संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को समय दिया गया है।