रोजमर्रा की वस्तुओं के लिए लोग घरों से न निकलें, इसके लिए प्रशासन ने 25 मेगा स्टोर, बिग बाजार, स्पेंसर से होम डिलीवरी का निर्देश दिया है।
कलेक्ट्रेट में बुधवार को कमिश्नर मुकेश मेश्राम, डीएम अभिषेक प्रकाश, सीडीओ मनीष बंसल ने बैठक के बाद मॉल, स्टोर प्रबंधकों को निर्देश दिया कि उनके परिसर में सुपर मार्केट है तो स्टोर और गोदाम खोलने की अनुमति दी जाती है।
इसके लिए जरूरी होगा कि इन स्थानों पर ग्राहकों को न आने दिया जाए। इन स्थानों से होम डिलीवरी होगी। स्वैगी और जोमेटो के डिलीवरी ब्वॉय ऑनलाइन बुकिंग पर सामान पर पहुंचाएंगे। वहीं स्टोर प्रबंधक सैनिटाइजेशन और सफाई का ध्यान रखेंगे।
यहां से घर पहुंचेगा सामान
ईजी डे, बिग बाजार, स्पेंसर्स, फैमिली बाजार, राउंड ओ क्लॉक, स्मार्ट बनिये, विशाल मेगा मार्ट, ग्रोफर इंडिया, बिग बास्केट, मेट्रो होलसेल, बेस्ट प्राइस, स्वैगी, जोमैटो, अमेजन, फिल्पकार्ट।
स्वास्थ्य विभाग क्वारंटीन कराए गए लोगों के घरों में राशन पहुंचाने में मदद करेगा। इसके लिए विभाग की टीम इन लोगों के घर पर कॉल कर ब्योरा जुटा रही है। जिला प्रशासन की मदद से इनके घर राशन पहुंचेगा।
राजधानी में करीब दो हजार लोगों को कोरोना का संदिग्ध मरीज मानकर घर और अस्पतालों में क्वारंटीन कराया गया है। इन सभी को 14 दिन तक बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। इनके तीमारदारों को भी घर से बाहर न जाने की सलाह दी गई है।
ऐसे में सीएमओ की टीम ने इनके घर में राशन व अन्य जरूरी सामान का ब्योरा जुटाने का काम शुरू किया है। सीएमओ कंट्रोल रूम से इनके घर पर कॉल कर सामान की सूची मांगी जा रही है।