बहुत जल्द आप बस अड्डों पर शॉपिंग का मजा ले सकेंगे।
परिहवन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने अपने विभाग का बजट पेश करते हुए रोडवेज के बेड़े में 1500 बसें शामिल करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि दस बस अड्डों को पीपीपी मॉडल पर विकसित कर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल और मल्टीप्लैक्स बनाएं जाएंगे।
परिवहन विभाग का एक अरब, 57 करोड़, 15 लाख, 53 हजार रुपये का बजट विधानसभा में बिना चर्चा के पास हो गया।
वृंदावन-मथुरा में बनेगा ऑडिटोरियम
संस्कृति विभाग के बजट में वृंदावन-मथुरा में ऑडिटोरियम, इलाहाबाद में जनेश्वर मिश्र पुस्तकालय, चित्रकूट में लोहिया प्रेक्षागृह का निर्माण और भारत रत्न उस्ताद बिस्मिलाह खां के मकबरा स्थल का विकास किया जाएगा।
लेखानुदान द्वारा स्वीकृत राशि के अलावा विभाग का 97 करोड़, 78 लाख, 71 हजार रुपये का बजट विधानसभा में पारित कर दिया गया।
166 करोड़ से बनेंगे आंगनबाड़ी केंद्र
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के बजट में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 166.66 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
अभी तक ये आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवनों, प्राथमिक स्कूलों या निजी भवनों में चल रहे हैं। विभाग का कुल 34 अरब, 85 करोड़, 85 लाख, 75 हजार रुपये का बजट ध्वनिमत से पारित हुआ।
पीडीएस के कंप्यूटरीकरण के लिए 48 करोड़
खाद्य एवं रसद विभाग के बजट में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के एंड टू एंड कंप्यूटरीकरण के लिए 48 करोड़, 86 लाख, चार हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।
इस योजना के तहत बीपीएल, अंत्योदय और एपीएल लाभार्थियों का डाटा डिजिटलाइजेशन तथा सप्लाई चेन मैनेजमेंट के तहत ब्लॉक के गोदामों का कंप्यूटरीकरण किया जाएगा।
कॉल सेंटर, स्टेट पोर्टल स्थापित किया जाएगा। खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह द्वारा रखे गए 22 अरब, 58 करोड़, एक लाख, 85 हजार रुपये का बजट बिना चर्चा पारित हो गया।