लखनऊ। विभूति खंड में रविवार शाम कार सवार चार दबंगों ने पान मसाला दुकानदार को पीट दिया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। वही पार्षदों ने थाने में पुलिस कर्मियों पर आरोपियों को छोड़ने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल पार्षद शैलेंद्र वर्मा के मुताबिक, कठौता चौराहे पर उनके कार्यकर्ता सुमित की पान की दुकान है। रविवार शाम करीब चार बजे सुमित के पिता मैकूलाल दुकान पर बैठे थे। इस बीच कार सवार चार लोग उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने उनसे पान मसाला और सिगरेट ली और वहां से जाने लगे। मैकूलाल ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। हंगामा बढ़ते देख क्षेत्रीय निवासियों ने आरोपियों को पड़कर विभूतिखंड पुलिस के हवाले कर दिया।
पार्षद का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को थाने ले जाकर छोड़ दिया। मामले की जानकारी होने पर वह अन्य इलाकों के पार्षद मुन्ना, पार्षद राजेश सिंह, हरीश अवस्थी, राम कृष्ण यादव समेत अन्य के साथ थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी । पुलिस कर्मियों ने आक्रोशित पार्षदों को समझाने का प्रयास किया। पार्षद कार्रवाई की मांग को लेकर अपनी जिद पर अड़े रहे। रात तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन चलता रहा। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है इसलिए उन्हें छोड़ा गया है।