चिनहट। गोमतीनगर के वास्तुखंड निवासी दुकानदार कुलदीप कुमार यादव ने कुछ युवकों पर मारपीट व दुकान में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। कुलदीप की तहरीर पर चिनहट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बस्ती के नागपुर टिकैत परशुरामपुर निवासी अमन सिंह व सत्यम हैं।
विज्ञापन
कुलदीप के मुताबिक, मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे अमन, अरुन ठाकुर व कुछ अन्य युवकों ने उनकी दुकान पर सोया-चाप और मोमोज खाए थे। कुलदीप ने खाने के रुपये मांगे तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद सरिया से हमला किया और दुकान में भी तोड़फोड़ की। कुलदीप को बचाने के लिए हरकेश दीक्षित से भी आरोपियों ने मारपीट की। हमले में हरकेश के सिर पर चोट आई। आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी बीबीडी यूनिवर्सिटी के छात्र हैं और अयोध्या रोड स्थित दयाल स्टेट कॉलोनी में किराये पर रहते हैं।