समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मिलने पहुंचे। उनके साथ उनके बेटे आदित्य यादव भी मौजूद रहे। शिवपाल वहां कुछ ही देर रुके फिर अपने अवास के लिए निकल गए। उन्होंने मीडिया से बात नहीं की।
बता दें कि योगी के मुख्यमंत्री बनने पर शिवपाल ने ट्विटर पर बधाई दी थी साथ ही उन्होंने डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा और केशव मौर्य को भी ट्वीट करके शुभकामना दी थी।
वहीं मंगलवार को उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित से उनके आवास पर मुलाकात की। यादव और दीक्षित की मुलाकात करीब आधा घंटा चली थी।
इस दौरान शिवपाल ने दीक्षित को विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। दीक्षित ने शिवपाल को अपनी लिखी कई पुस्तकें भी भेंट की।
दोनों के बीच कई मुद्दों पर अनौपचारिक बातचीत हुई। इनमें सदन की सार्थकता और सरोकार तथा इसके जरिये जन समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई।
हालांकि दोनों नेताओं ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया। उल्लेखनीय है कि दोनों के बीच पहले से ही मधुर रिश्ते रहे हैं।