डिप्टी सीएम केशव व शिवपाल सिंह यादव।
- फोटो : amar ujala
यूपी में बसपा के इंडिया गठबंधन में शामिल होने, न होने की चर्चाओं के बीच नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर भी लगातार चल रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस से बुआ हाथ न मिला लें, कहीं इसलिए तो बबुआ परेशान नहीं है। जिस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने डिप्टी सीएम केशव को सख्त जवाब दिया है।
उन्होंने कहा कि 'सरकार' आपकी स्वयं के संगठन और सरकार में तो चल नहीं रही है, इसलिए संगठन और सरकार के दायित्व से इतर नजर बहुत पैनी रख रहे हैं। कहीं भाजपाई दंगल में बाहर कर दिए जाने की वजह से 'दल और दिल' बदलने का इरादा तो नहीं?
बता दें कि कयास लगाए जा रहे हैं कि बसपा इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए कांग्रेस से हाथ मिला सकती है पर अभी तक आधिकारिक रूप से इस पर कुछ भी नहीं कहा गया है। माना जा रहा है कि बसपा-कांग्रेस मिलकर यूपी में भाजपा को कड़ी चुनौती दे सकती है पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इसके पक्ष में नहीं हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती भी सपा पर हमलावर हैं और लगातार सख्त टिप्पणी करती रही हैं। सोमवार को भी उन्होंने सपा को दलित विरोधी करार देते हुए गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाई। मायावती ने गठबंधन में शामिल होने को लेकर स्पष्ट तौर पर अभी कुछ भी नहीं कहा है।