प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को कहा कि जब अखिलेश यादव का जन्म भी नहीं हुआ था तब से मैं भाजपा का विरोध करता आ रहा हूं। जिला मुख्यालय पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने बसपा प्रमुख मायावती व सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर रखा।
उन्होंने कहा कि हम तो बिना किसी स्वार्थ के इनके गठबंधन में शामिल हो रहे थे, लेकिन लखनऊ महारैली की सफलता से ये दोनों दल डर गए। बसपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए बोले कि उनका कोई भरोसा नहीं। वे कब और किसका साथ देने लगें यह तय नहीं। पैसे लेकर टिकट कौन देता है?
यह किसी से छिपा नहीं है। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुलायम सिंह यादव की फोटो नहीं लगाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए शिवपाल ने कहा कि अखिलेश लगातार नेताजी का अपमान कर रहे हैं।
अखिलेश दरअसल मायावती के आगे नतमस्तक हो गए हैं, जिसे कोई भी स्वाभिमानी कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को हटाने का काम प्रगतिशील समाजवादी पार्टी व बहुजन मुक्ति पार्टी मिलकर करेंगे।