लखनऊ। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान ने वर्ष 2025 की कहानी, कविता और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए। प्रथम पुरस्कार पाने वाले को सात हजार, द्वितीय को पांच हजार, तृतीय को चार हजार और दो सांत्वना पुरस्कार पाने वाले अभ्यर्थियों को दो-दो हजार रुपये दिए जाएंगे।
संस्थान की प्रधान संपादक अमिता दुबे ने बताया कि कहानी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर वाराणसी की शिवांगी उपाध्याय हैं। दूसरे स्थान पर भी वाराणसी की ही सुनीता कुमारी रहीं। तृतीय स्थान हाथरस के माधव शर्मा को और सांत्वना पुरस्कार के लिए झांसी की रजनी देवी राजपूत और गाजीपुर की श्रेया यादव का चयन किया गया है।
कविता प्रतियोगिता में पहले स्थान पर लखनऊ के कुश रजवार रहे। द्वितीय स्थान पर देवरिया के योगेंद्र पांडेय और तीसरे स्थान पर चित्रकूट की दीपिका रहीं। सांत्वना पुरस्कार के लिए अयोध्या की रतनमाला भारती और कुशीनगर के विवेक प्रताप मधेशिया का चयन किया गया है। निबंध प्रतियोगिता में गाजीपुर जिले की शिवांगी यादव अव्वल रहीं। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से हाथरस के माधव शर्मा और लखनऊ की दानिया इदरीसी रहीं। तीसरा स्थान शाहजहांपुर के सृजन पांडेय को मिला। सांत्वना पुरस्कार के लिए मथुरा की लवली अग्रवाल, संभल के यशवीर सिंह और लखनऊ की सुकीर्ति वर्मा का चयन किया गया है।