लखनऊ। गोमतीनगर थाने में शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम व तीन अन्य के खिलाफ 16.41 लाख की ठगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की है।
हजरतगंज के गुरु रविदास नगर निवासी मुकेश कुमार के मुताबिक 2017 में उनकी मुलाकात शाइन सिटी के अधिकारी विक्रम सिंह यादव से हुई थी। विक्रम उन्हें गोमतीनगर स्थित दफ्तर ले गए। वहां उनकी पहचान राशिद नसीम और अधिकारी राहुल शर्मा से कराई। राशिद ने उन्हें शाइन और बिटक्वाइन में निवेश कर छह माह में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। इतना ही नहीं, उन्हें प्लॉट और एसयूवी व अन्य कीमती चीजें उपहार में देने का दावा किया।
आरोपियों की लुभावनी बातों में आकर उन्होंने 15 मई 2017 से लेकर पांच मई 2019 तक 16.41 लाख रुपये हरअदिति बिजनेस फर्म के खाते में निवेश कर दिए। छह माह बीतने के बाद भी कोई मुनाफा नहीं मिला। आरोपियों ने न तो उन्हें कोई एसयूवी दी और न प्लॉट की रजिस्ट्री की। दबाव बनाने पर टालमटोल किया गया फिर धमकाना शुरू कर दिया।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर राशिद, विक्रम, राहुल और फर्म के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।