आज से फिर दौड़ेगी शताब्दी, छूटने से 90 मिनट पहले पहुंचना होगा स्टेशन
पांच माह से यार्ड में खड़ी शताब्दी एक्सप्रेस समेत 16 ट्रेनें शनिवार से फिर पटरी पर दौड़ने लगेगी। हालांकि, इनके रवाना होने से 90 मिनट पहले आपको स्टेशन पहुंचना होगा।
कोरोना के चलते मार्च से लखनऊ से दिल्ली जाने वाली शताब्दी और एसी एक्सप्रेस का संचालन बंद था। यात्री लगातार इन्हें चलाने की मांग कर रहे थे।
हाल ही में रेलवे ने 80 ट्रेनों को 12 सितंबर से फिर चलाने का फैसला लिया। इसमें लखनऊ से एसी स्पेशल, शताब्दी, हमसफर, अवध आसाम जैसी 16 ट्रेनें हैं।
शुक्रवार को इनमें तत्काल कोटे की सीटों के लिए काफी संख्या में लोग आरक्षण केंद्र पहुंचे। हालांकि, अधिकतर मायूस ही लौटे। ऑनलाइन टिकट की बुकिंग ज्यादा हुई। वहीं, शताब्दी और एसी एक्सप्रेस को सैनिटाइज व फ्यूमिगेशन भी हुआ।
देखते ही देखते बुक हो गईं तत्काल की सीटें
लखनऊ से दिल्ली जाने के लिए अभी गोमती और लखनऊ मेल का ही सहारा था। शनिवार से एसी एक्सप्रेस, शताब्दी और हमसफर शुरू हो रही है। इनकी तत्काल की सीटें देखते ही देखते फुल हो गईं। शताब्दी की चेयरकार में 125, एग्जीक्यूटिव क्लास में 12 तत्काल सीटें थीं। अनुभूति कोच में वेटिंग थी। ऐसे ही डिब्रूगढ़ नई दिल्ली एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में 120, थर्ड एसी में 33, सेकंड एसी में 16 सीटें, एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में 241, सेकंड एसी में 96 और लखनऊ मेल के स्लीपर में 46, थर्ड एसी में 44, सेकंड एसी में 25 तत्काल की सीटों पर टिकट बुक हुए। हालांकि, ज्यादा ऑनलाइन बुकिंग हुई।
यात्रीगण इनका भी रखें ध्यान
कंफर्म टिकट पर ही यात्रियों को मिलेगी एंट्री, वेटिंग पर यात्रा नहीं कर सकेंगे। ई टिकट की फोटोकॉपी रखनी होगी। एंट्री से पहले मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। यात्रियों को मास्क लगाना होगा। मुख्य गेट से एंट्री होगी। कैब-वे के रास्ते जंक्शन पर प्रवेश नहीं मिलेगा। एसी कोच में पर्दा नहीं होगा, पर बेडरोल दिया जाएगा। शताब्दी में खाने का सामान ऑन डिमांड ही मिलेगा।
ये ट्रेनें पटरी पर लौट रहीं
लखनऊ जं.-नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी स्पेशल (02003/04) लखनऊ-नई दिल्ली एसी स्पेशल (02429/30), वाराणसी सिटी- लखनऊ जं. कृषक स्पेशल (05007/08), गोरखपुर-दिल्ली हमसफर स्पेशल (02571/72), गोरखपुर-यशवंतपुर स्पेशल (02591/92), डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम स्पेशल (05909/10), धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलज स्पेशल (03307/08), डिब्रूगढ़-अमृतसर स्पेशल ट्रेन (05933/34)।