20 से उन्नाव में मिलेगा शताब्दी को स्टॉपेज
लखनऊ। यात्रियों की पसंदीदा ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस अब उन्नाव रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। यह स्टॉपेज 20 जुलाई से दिया जाएगा। इससे यात्रियों को राहत हो जाएगी। अभी ट्रेन लखनऊ के अलावा 7 स्टेशनों पर रुकती है, जिनकी संख्या 8 हो जाएगी।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की वीआईपी ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस का स्टॉपेज बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी संख्या 12003 शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर रात 10:25 पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचती है। अभी शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से चलने के बाद सात रेलवे स्टेशनों पर रुकती है, इसमें कानपुर रेलवे स्टेशन, फफूंद, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, गाजियाबाद और नई दिल्ली शामिल है। लेकिन 20 जुलाई से शताब्दी के रूट में एक नया स्टॉपेज जुड़ जाएगा। ट्रेन उन्नाव रेलवे स्टेशन पर भी रोकी जाएगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की मांग पर शताब्दी का स्टॉपेज उन्नाव स्टेशन पर दिया जा रहा है। शताब्दी उन्नाव रेलवे स्टेशन पर शाम 4:30 बजे के आसपास पहुंचेगी। जहां 2 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे रवाना हो जाएगी। ट्रेन की नई समय सारणी जल्दी जारी कर दी जाएगी। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ट्रेन की फीडिंग जल्दी हो जाएगी।
डायनेमिक फेयर पर चलती है शताब्दी
रेलवे बोर्ड की ओर से शताब्दी एक्सप्रेस का किराया विमान की तर्ज पर तय होता है। शताब्दी में डायनेमिक फेयर लागू है, जिससे किराया डेढ़ गुना तक महंगा हो जाता है। अभी लखनऊ से दिल्ली का किराया 1400 रुपए और एग्जीक्यूटिव क्लास में 2168 रुपए चल रहा है। ट्रेन में 480 तक की सीटें चेयरकार में रिक्त चल रही है।