कोहरे की मार से ट्रेनों की रफ्तार तेज ही नहीं हो पा रही है। मंगलवार को शताब्दी एक्सप्रेस अपने तय समय से सवा तीन घंटे लेट लखनऊ पहुंची।
यानी शताब्दी दोपहर के बजाय अपराह्न में आई तो शाम को लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसके कारण यात्रियों को काफी देर तक शताब्दी का इंतजार करना पड़ा।
वहीं दो दर्जन से अधिक ट्रेनें चार से 13 घंटे लेट लखनऊ पहुंचीं। कोहरे के कारण ट्रेनें दौड़ने के बजाय रेंग रही हैं। इनमें अवध आसाम, कैफियात और पुष्पक एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
शताब्दी एक्सप्रेस के सवा तीन घंटे देर से लखनऊ पहुंचने के कारण यह ट्रेन अपराह्न 3:45 बजे चारबाग स्टेशन पहुंची। लेटलतीफी के चलते शाम 5:15 बजे शताब्दी लखनऊ से दिल्ली के चली।
इसके अलावा फरक्का, द्वारिका, मरुधर एक्सप्रेस, सुल्तानपुर-लखनऊ पैसेंजर, कोटा-पटना एक्सप्रेस नीलांचल एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ पैसेंजर, त्रिवेणी एक्सप्रेस, कोच्चि एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक अर्चना एक्सप्रेस, इलाहाबाद-लखनऊ इंटरसिटी, अवध एक्सप्रेस, आगरा-लखनऊ इंटरसिटी और सुल्तानपुर-लोकमान्यतिलक एक्सप्रेस सात से तीन घंटे लेट लखनऊ पहुंची।
वहीं, चारबाग स्टेशन पर मंगलवार को ठंड के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जीआरपी के अनुसार सुबह 9 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली।
जीआरपी इस व्यक्ति को लेकर सिविल अस्पताल जाने की तैयारी कर रही थी कि उसने दम तोड़ दिया। जीआरपी का मानना कि उसकी ठंड से मौत हुई है। मरने वाला भिखारी है।