नौ स्कूली वाहन पंजीकृत, चल रहे थे 17
शार्प ग्लोबल स्कूल की ओर से आरटीओ में नाै स्कूली वाहनों का पंजीकरण करवाया गया था। जबकि बीते शनिवार को जब एआरटीओ, प्रवर्तन आलोक कुमार यादव ने स्कूल परिसर में जांच-पड़ताल की तो 17 वाहन मिले। इसमें 13 के चालान हुए। आरटीओ में पंजीकृत नौ वाहनों में पांच अनफिट हैं। इसमें मोटर कैब यूपी-35 टी 4711, बस यूपी-33 टी 9334, बस संख्या यूपी-32 डीएन 3508 आदि शामिल हैं।
रेड लिस्ट में 60 स्कूली वाहन
आरटीओ ट्रांसपोर्ट नगर के आंकड़ों की बात की जाए तो शार्प ग्लोबल स्कूल के वाहन ही नहीं बल्कि शहर के कई नामचीन स्कूलों के करीब 60 वाहन भी रेड लिस्ट में हैं। हालांकि इसमें कई निलंबित किए जा चुके हैं। हालांकि सूत्र बताते हैं कि कई वाहन रेड लिस्ट में होने के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे हैं। अधिकारी के मुताबिक, जिन स्कूलों के वाहनों की फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, परमिट आदि दस्तावेजों में गड़बड़ियां होती हैं उन्हें रेड लिस्ट में डाला जाता है।
डीएम का आदेश भी नहीं मानते स्कूल
डीएम का आदेश है कि स्कूल प्रबंधन इस्तेमाल हो रहे वाहनों का ब्योरा लिखित में परिवहन विभाग को दें। इनके दस्तावेज जमा करवाने के साथ ड्राइवर का सत्यापन भी कराया जाए। परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नामचीन स्कूल तक वाहनों का ब्योरा देने से हिचकते हैं। इसकी वजह से भी अभियान के दौरान काफी दिक्कतें पेश आती हैं।
परिवहन आयुक्त ने की बैठक, ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान
रविवार को परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर बस में आग लगने की घटना का पूरा विवरण लिया। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूली वाहनों की जांच के लिए अलग से चेकिंग अभियान चलाएं। जांच के दौरान अधिकारी स्कूल द्वारा पंजीकृत वाहनों के विवरण को मौके पर मिलान भी करें। मसलन, कितनी गाड़ियां चल रही हैं, कितनी पंजीकृत हैं। पंजीकृत वाहन ही चल रहे हैं या इसके अतिरिक्त। फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस आदि की भी जांच होगी।
फैक्ट फाइल
- 1700 स्कूली बस, वैन आरटीओ में हैं पंजीकृत।
- 2800 स्कूली वाहन अनुबंधित हैं।
- 45 स्कूली वाहन की वर्तमान में फिटनेस अधूरी है।
- 5400 से ज्यादा ई रिक्शे भी स्कूली वाहन के तौर पर हो रहे इस्तेमाल।
- 8400 से अधिक वाहन ऐसे हैं जो पंजीकृत नहीं हैं लेकिन बच्चे ढो रहे हैं। इन्हें घोस्ट वाहन कहा जाता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ सोमवार से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। शार्प ग्लोबल स्कूल की ओर से जिन तीन बसों के स्क्रैप होने की सूचना दी गई वे चलती पाई गईं। इन पर कार्रवाई की गई है।
-राधेश्याम, उप परिवहन आयुक्त