शादी समारोह की बुकिंग से मोटी कमाई कर रहा हुसैनाबाद ट्रस्ट, ऐतिहासिक शाहनजफ इमामबाड़े की बदहाली को लेकर बेफिक्र है। इमामबाड़े के मुख्य परिसर का प्लास्टर जगह-जगह से प्लास्टर टूट चुका है और कई जगह दरारें भी आ गई हैं। लंबे समय से मरम्मत व रंगाई-पुताई न होने से यह स्थिति बनी है।
हजरतगंज स्थित शाहनजफ इमामबाड़ा हुसैनाबाद ट्रस्ट के अधीन है और ऐतिहासिक स्मारक होने के साथ धार्मिक आस्था का केंद्र है। यहां न केवल मुस्लिम बल्कि अन्य धर्म के मानने वाले भी माथा टेक ने आते हैं, लेकिन पुरातत्व महत्व के इस ऐतिहासिक स्मारक का कोई पुरसाहाल नहीं है। पुरातत्व विभाग ने लंबे समय से मरम्मत कार्य नहीं किया है तो हुसैनाबाद ट्रस्ट भी ध्यान नहीं दे रहा है। बेगमात रायल फैमिली ऑफ अवध की फराहना मालिकी का आरोप है कि हुसैनाबाद ट्रस्ट शाहनजफ इमामबाड़ा परिसर में शादी की बुकिंग कर मोटी कमाई कर रहा है। हर आयोजन के 50 हजार रुपये ले रहा है, लेकिन ऐतिहासिक इमारत की मरम्मत तो दूर रंगाई-पुताई व साफ-सफाई तक नहीं कर रहा है। हुसैनाबाद ट्रस्ट के हबीबुल जो शाहनजफ के जिम्मेदार हैं और यहीं पर शाहनजफ के अंदर ही रहते हैं, वे भी इमारत की जर्जर स्थिति से चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इमारत की मरम्मत के लिए पुरातत्व विभाग को लिखा जाएगा।
हेरिटेज डे पर बेगमात करेंगी प्रदर्शन
बेगमात रायल फैमिली ऑफ अवध का कहना है कि हुसैनाबाद ट्रस्ट व पुरातत्व विभाग की लापरवाही के खिलाफ 18 अप्रैल को विश्व हेरिटेज डे पर शाहनजफ इमामबाड़े से मार्च निकाला जाएगा। इसमें बेगमात की महिलाएं पुरातत्व विभाग व हुसैनाबाद ट्रस्ट के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी।