गोसाईंगंज। शादी का झांसा देकर युवती से पांच वर्ष तक यौन शोषण का मामला सामने आया है। गोरखपुर की रहने वाली 26 वर्षीय युवती का आरोप है कि इंदिरानगर सेक्टर-19 निवासी विनीत यादव ने शादी का वादा कर 2021 से उसे सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अर्जुनगंज में किराये के मकान में साथ रखा। वहां वह सत्या फर्नीचर नाम से शोरूम चलाता है।
युवती के अनुसार, इस दौरान विनीत ने उसका शारीरिक शोषण किया और दो बार जबरन गर्भपात भी कराया। आरोपी के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी थी और उन्होंने बड़े भाई की शादी के बाद उनकी शादी कराने का आश्वासन दिया था। पिछले वर्ष नवंबर में बड़े भाई की शादी होने के बाद जब उन्होंने दबाव बनाया, तो आरोपी के भाइयों विनय व सुमित यादव और मां राबड़ी देवी ने उनकी पिटाई कर दी।
आरोप है कि 2 मार्च की रात विनीत ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और उनका सामान नाले में फेंक दिया। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के मुताबिक, युवती की तहरीर पर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ यौन शोषण, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।