शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण
लखनऊ। सआदतगंज निवासी दूसरे धर्म की युवती को शादी का झांसा देकर हाता नूर बेग निवासी दीपक पाल उर्फ भोलू ने यौन शोषण किया। युवती का आरोप है कि बाद में आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। मंगलवार को पीड़िता ने सआदतगंज थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
मूलरूप से हरदोई निवासी युवती सआदतगंज इलाके में किराये पर रहती है। उसके मुताबिक चार दिसंबर 2023 मकान खाली करने के दौरान उसकी मुलाकात ई रिक्शा चालक दीपक पाल से हुई थी। दीपक अक्सर बहाने से कॉल कर उससे बात करने लगा। आरोप है कि दीपक ने उन्हें प्यार के जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर शोषण किया।
युवती के अनुसार, काफी दबाव डालने पर दीपक शादी के लिए राजी हुआ। 14 अप्रैल को शादी की तिथि तय हुई। युवती के परिजन शादी की तैयारियों में लगे थे तभी आरोपी ने शादी से इन्कार कर दिया। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि जल्द पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा।