लखनऊ। मुरादाबाद-बरेली रेलवे स्टेशन के बीच इंजीनियरिंग कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनों को बदले रूट से चलाया जाएगा। यह बदलाव शनिवार से 30 जुलाई तक अलग-अलग तारीखों पर रहेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि लालगढ़ से डिब्रुगढ़ जाने वाली 15910 लालगढ़-डिब्रुगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस तीन, पांच, सात, 10, 12, 14, 16, 19, 21, 23 और 29 जुलाई को मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली कैंट के रास्ते चलेगी। यह रामपुर स्टेशन पर नहीं रुकेगी। बरेली जंक्शन के बजाय बरेली कैंट स्टेशन पर इसका अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।
गाड़ी संख्या 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस चार, छह, नाै, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 26, 28 और 30 जुलाई को 45 मिनट देरी से चलेगी। 12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस चार, आठ, 11 व 15 जुलाई को आधे घंटे और 24 जुलाई को 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस व 14603 नरपतगंज-अमृतसर एक्सप्रेस डेढ़ घंटे नियंत्रित कर चलाई जाएगी। 26 जुलाई को 55301 मुरादाबाद-लालकुआं पैसेंजर आधे घंटे, 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस और 20506 नई दिल्ली-डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से चलेगी।