ऑटिज्म पीड़ित सात साल की सिदि्ध कला में कर रही कमाल
लखनऊ। हुसैनगंज की सात वर्षीय सिदि्ध शर्मा भले ही ऑटिज्म से पीड़ित हो, लेकिन उसकी प्रतिभा किसी से कम नहीं। मानसिक विकास से जुड़ी इस बीमारी के बावजूद वह नृत्य, शास्त्रीय गायन और पेंटिंग में असाधारण कौशल दिखा रही है। ऑटिज्म की वजह वह लोगों से बात करने से घबराती है। कला के जरिये स्नेह, नाराजगी और दर्द व्यक्त करती है।
भातखंडे संस्कृति विवि में लोकनृत्य और शास्त्रीय गायन की प्रशिक्षणार्थी सिदि्ध, बैगों पर आकर्षक पेंटिंग्स भी बना रही है। यूनिकस ओलंपियाड में अंग्रेजी और गणित में कांस्य व रजत पदक जीतकर शैक्षिक दक्षता का भी प्रमाण दिया है।
मां ऋतु अग्रवाल एंकॉन्ड्रोमा ट्यूमर से पीड़ित हैं और ट्यूशन पढ़ाकर घर चलाने के साथ बेटी की देखभाल कर रही हैं। उनका कहना है कि अगर किसी संस्था से स्कॉलरशिप मिल जाए तो सिदि्ध की प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
कोरोना में सिदि्ध के पिता उसे और उसकी मां को नाना के घर छोड़कर गए थे, यह कहकर कि जल्द वापस आएंगे। लेकिन वे कभी लौटे नहीं। सिदि्ध की मां की आंखें आज भी उनके इंतजार में भर आती हैं, जबकि सिदि्ध रोज सवाल करती है मम्मा, पापा हमें लेने कब आएंगे?