मुंबई की ट्रेनों में भीड़ लगातार बढ़ रही है। श्रमिक जहां काम करने के लिए मुंबई जा रहे हैं, वहीं लोग अपनों का इलाज कराने भी जा रहे हैं।
ऐसे में रेलवे प्रशासन बिहार और यूपी से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए सात स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है। सीटों की बुकिंग शनिवार से शुरू हो गई।
लोग मुंबई से होली पर घर आए थे। दो महीने बाद अब काम पर लौट रहे हैं। वहीं, कुछ कंपनियों के मालिक काम शुरू होने पर ई-टिकट भेजकर श्रमिकों को मुंबई बुला रहे हैं।
रोजी-रोटी की तलाश में जाने वाले श्रमिकों की संख्या सबसे ज्यादा है। लखनऊ और गोरखपुर से मुंबई जाने वाले सभी ट्रेनों में सीटें फुल हैं।
इसमें पुष्पक, अवध और कुशीनगर आदि ट्रेेेनें हैं। यात्रियों की राहत के लिए कई ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए जा रहे हैं।
लखनऊ मेल की एसी से रात भर टपकता रहा पानी, शिकायत
पद्मावत एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी में शनिवार को यात्रा कर रहे बीबी सिंह ने रेलमंत्री से शिकायत दर्ज कराई कि शौचालय की हालत बदतर है और बदबू आ रही है। शिकायत पर 19 घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे ही लखनऊ मेल की थर्ड एसी बोगी में सफर कर रहे अमरदीप सिंह ने ट्विटर पर शिकायत दर्ज कराई कि एसी से पानी का लीकेज रात भर होता रहा। शिकायत के बाद भी उसे ठीक नहीं करवाया गया। शिकायतों पर सुनवाई की व्यवस्था रेलवे में ध्वस्त हो गई है। नाराज रेलकर्मियों ने रेलमंत्री से आपत्ति दर्ज कराई है। यात्री शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह 18 सौ के पार पहुंच चुकी है।
ये गाड़ियां चलेंगी
- बरौनी बांद्रा एक्सप्रेस (09006) 14 जून को चलाई जाएगी
- मंडुआडीह दादर स्पेशल (09036) 10 व 13 जून को
- समस्तीपुर मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस (09050) 10, 12 व 14 जून को
- मऊ बांद्रा टर्मिनल स्पेशल (09100) 10 जून को
- भागलपुर मुंबई सेंट्रल वाया लखनऊ एक्सप्रेस (09118) 14 जून को
- गाजीपुर बांद्रा स्पेशल (09124) 09 जून को