मुख्यमंत्री ने आर्मी मेडिकल कोर व केंद्र तथा राज्य सरकार के सेवानिवृत चिकित्सकों की सेवाएं भी लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने आइसोलेशन वार्ड और क्वारंटीन वॉर्ड अलग-अलग बनाने, कोरोना वायरस की जांच के लिए टेस्टिंग किट की संख्या बढ़ाने, पीपीई किट व मास्क की पर्याप्त उपलब्धता के लिए प्रभावी सप्लाई चैन बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने पीपीई किट व एन-95 मास्क की गुणवता भी सुनिश्चित करने को कहा है।
सामान परिवहन की दें अनुमति
मुख्यमंत्री कहा है कि केन्द्र सरकार के मार्ग निर्देशों के अनुरूप सामानों के परिवहन की अनुमति दी जाए। नोडल अधिकारी तैनात कर समुचित तरीके से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राशन का वितरण कराया जाए। राशन वितरण स्थलों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। बैंकों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में अनिवार्य रूप से कम्यूनिटी किचन, आटा, दाल व तेल मिलों का संचालन कराने का निर्देश दिया है।
अफसरों ने दूसरे राज्यों में रहने वाले प्रदेश के लोगों की मदद की दी रिपोर्ट
बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि गुजरात, केरल, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु आदि राज्यों में रह रहे प्रदेशवासियों की भोजन, निवास आदि समस्याओं का समाधान कराया गया है। कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा ने बताया कि विभिन्न संस्थाओं से भोजन प्राप्त करने व उसके वितरण के लिए एक मोबाइल एप विकसित कराया जा रहा है।
46 के खिलाफ एफआईआर
अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुनाफाखोरी रोकने के लिए सभी जनपदों में रेटलिस्ट लगवायी जा रही है। अभी तक आवश्यक वस्तु अधिनियम में 46 व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। अपर मुख्य सचिव वित संजीव कुमार मित्तल ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अनुरूप प्रदेश के दिव्यांग व निराश्रित महिलाओं के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है।