लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अंसल कंपनी के खिलाफ प्लॉट व फ्लैट बेचने के नाम पर लाखों की ठगी की सात और एफआईआर हुई हैं। इसके साथ शहरभर के थानों में अंसल के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 233 हो गई है।
प्रयागराज के धूमनगंज निवासी पवन कुमार राठौर के मुताबिक वर्ष 2011 में उन्होंने अंसल से एक प्लॉट रीसेल में लिया था। इसका अनुबंध सुनीता मिश्रा ने किया था। कंपनी को 9.51 लाख रुपये देने के बाद भी पवन के नाम रजिस्ट्री नहीं हुई।
चंदौली की दुर्गावती देवी से वर्ष 2016 में कंपनी ने प्लॉट के नाम पर 7.55 लाख की ठगी की। इंदिरानगर ए-ब्लॉक की वंदना सिंह ने वर्ष 2010 में पैराडाइज डायमंड में फ्लैट बुक कराया था। 5.93 लाख रुपये देने के बाद भी उन्हें कब्जा नहीं मिला। गोंडा के छपिया के गोविंद प्रसाद के मुताबिक पिता अंगनू प्रसाद ने 2010 में फ्लैट बुक कराया था। 5.97 लाख रुपये बुकिंग राशि भी दी, पर कब्जा नहीं मिला। इस गम में 2024 में उनके पिता की मौत हो गई।
आजमगढ़ के जहानागंज निवासी संदीप सिंह से अप्रैल 2015 में फ्लैट के नाम पर 5.85 लाख, सीतापुर के आलमनगर के मेंहदी हसन से दिसंबर 2015 में फ्लैट के नाम पर 1.17 लाख और इंदिरानगर के मानसनगर निवासी त्रिभुवन शुक्ला से दिसंबर 2008 में दो मकान के नाम पर लाखों की ठगी की गई। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।