यूपी सरकार ने शनिवार को सात आईएएस अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया है। इनमें लखनऊ, मुरादाबाद व चित्रकूट मंडलों में नए मंडलायुक्तों की तैनाती कर दी गई है।
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अनूप चंद्र पांडेय को लखनऊ के मंडलायुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पद वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टी. वेंकटेश को सूबे का मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए जाने से खाली था।
इसके अलावा एसडीएम स्तर के 109 पीसीएस अफसरों को भी इधर से उधर किया गया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर ये तबादले किए गए हैं। आयोग ने कहा था कि तीन साल से एक जगह तैनात अफसरों को हटाया जाए।
शासन की ओर से किए गए तबादलों में सबसे अहम बदलाव वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनोज सिंह से जुड़ा है। सरकार ने गत 29 जुलाई को सिंह को यूपीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक पद से हटाने के बाद समाज कल्याण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया था। पर, एक हफ्ते बाद सात अगस्त को ही उनसे इस विभाग की जिम्मेदारी ले ली गई और उन्हें पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग भेज दिया गया।