लखनऊ। सिविल अस्पताल, लोहिया संस्थान, केजीएमयू और बलरामपुर अस्पताल में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। डॉक्टरों और कर्मचारियों ने मरीजों की सेवा को प्राथमिकता देते हुए बेहतर इलाज का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के जरिये मरीजों की मदद करना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने कहा कि अस्पताल आने वाला हर मरीज उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में उसे समय पर बेहतर इलाज और संवेदनशील व्यवहार देना स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी है। इस दौरान बेहतर सेवा के लिए ईएमओ डॉ. अनिल को सम्मानित किया गया।
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अमित देवगन ने कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से काम करने का आह्वान किया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने चिकित्सा शिक्षा को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।