सरोजनीनगर। कानपुर रोड पर लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड रोड का निर्माण कर रही पीएनसी कंपनी ने बुधवार से नादरगंज तिराहे के पास अचानक खोदाई का काम शुरू कर दिया है। इसके चलते नादरगंज से बाग नंबर-3 की ओर जाने वाली सर्विस लेन बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
रास्ता बंद होने से कानपुर की ओर से आलमबाग और चुंगी जाने वाले वाहनों को अब सरोजनीनगर थाने की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। यात्रियों को नादरगंज तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे हज हाउस तक जाना पड़ता है, जहा से यूटर्न लेकर वे वापस ओवरब्रिज के ऊपर से गंतव्य को जा पा रहे हैं। इस डायवर्जन के कारण लोगों को लगभग दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है, जिससे हज हाउस कट पर भीषण जाम के हालात बन गए हैं।
इन इलाकों पर पड़ा सबसे ज्यादा असर
चिल्लावां, गिंदनखेड़ा, बेहटवा, अनौरा, मौंदा, थर, चकौली और समदा जाने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा, टीएसएम हॉस्पिटल और अमौसी औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले कर्मचारियों को भी भारी परेशानी हो रही है। अमौसी रेलवे स्टेशन स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल डिपो और इंडियन गैस बॉटलिंग प्लांट से निकलने वाले डीजल-पेट्रोल के टैंकर और गैस सिलिंडर के ट्रक भी इसी रूट पर फंस रहे हैं।
अव्यवस्थित डायवर्जन से आक्रोश
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक रास्ता बंद किए जाने से स्थिति बिगड़ी है। भारी वाहनों के डायवर्जन से आगरा एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाला ट्रैफिक भी प्रभावित हो रहा है।
नादरगंज में बंद किया गया रास्ता।
नादरगंज में बंद किया गया रास्ता।
नादरगंज में बंद किया गया रास्ता।