लखनऊ। एनआईसी के सर्वर में सोमवार से जारी तकनीकी दिक्कत का असर किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) की सेवाओं पर शुक्रवार को भी दिखा। सर्वर ठप होने से ओपीडी में पंजीकरण, खून के नमूने जमा करने और जांच रिपोर्ट हासिल करने में मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह आठ बजे से पर्चा बनवाने के लिए कतार में खड़े मरीज घंटों बारी का इंतजार करते रहे। देखते ही देखते ओपीडी भवन के बाहर तक लाइन लग गई। सबसे ज्यादा मुश्किल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती गंभीर मरीजों को उठानी पड़ी। केजीएमयू के प्रवक्ता केके सिंह ने बताया कि सर्वर की समस्या कई दिनों से लगातार बनी हुई है। समस्या को देखते हुए संस्थान में कियोस्क मशीनें लगाई जाएंगी। कियोस्क व्यवस्था शुरू होने के बाद पंजीकरण समेत कई सेवाओं के लिए सर्वर पर निर्भरता कम होगी।