लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में विषम सेमेस्टर की परीक्षा में अनुचित साधनों के साथ नकल करते पकड़े गए तीन छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाएं रद कर दी गई हैं। अब इन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए दोबारा से सभी विषयों की परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में नकल रोकथाम के बनाई गई यूएफएम समिति की संस्तुति के बाद परीक्षा विभाग ने ये कार्रवाई की है। वहीं, नकल के आरोप में पकड़े गए 8 छात्रों को समिति ने दोषमुक्त कर दिया है।
लखनऊ विश्वविद्यालय में 17 दिसंबर से पांच फरवरी के बीच विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई थीं। इस दौरान उड़ाका दल ने विश्वविद्यालय परिसर एवं सहयुक्त कॉलेजों में औचक निरीक्षण में कई छात्रों को अनुचित साधनों के साथ पकड़ा था। जिस पर इन सभी की कॉपियां जमाकर इन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए यूएफएम समिति को भेज दिया गया था।
समिति की सुनवाई के दौरान छात्रों ने अपना पक्ष रखा था। इसमें संतोषजनक जवाब देने पर एमबीए के आठ विद्यार्थियों को दोषमुक्त कर दिया गया, जबकि संतोषजनक जवाब न देने वाले एमबीए के दो और बीबीए के एक छात्र की परीक्षा रद कर दी गई। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा विभाग नकलमुक्त परीक्षाएं कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यूएफएम समिति की संस्तुति पर ही सभी कार्रवाई की गई हैं।